संवाददाता – ललन राज
मुंगेर – तारापुर विधानसभा उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 68 सहायक और 52 नक्सल प्रभावित समेत 406 मतदान केन्द्रों पर हुए मतदान में मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। जानकारी के अनुसार तारापुर विधानसभा उपचुनाव में लगभग 50 फ़ीसदी मतदान हुआ। आपको बता दें कि 2 नवंबर की सुबह 8:00 बजे पोस्टल बैलट का काउंटिंग एवं 8:30 बजे से ईवीएम की काउंटिंग की जाएगी। बताते चलें कि 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद है। वहीं मतदान के दौरान बोगस वोटिंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच एक बुरी खबर भी आई कि मतदान के दौरान तैनात तारापुर विधानसभा अंतर्गत संग्रामपुर प्रखंड के बूथ संख्या-337 पर तैनात होमगार्ड के जवान की हार्टअटैक से मौत हो गई। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। तारापुर विधायक मेवालाल चौधरी के कोरोना से निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। जिसके कारण यहां उपचुनाव कराने की नौबत आई।