मधेपुरा – मधेपुरा नगर निकाय चुनाव 2022 की सरगर्मी तेज हो गई है। जिला प्रशासन भी चुनाव संपन्न करने के लिए हर स्तर पर तैयारी में जुटा हुआ है। बता दें कि पहले चरण के चुनाव में मधेपुरा जिला के 6 नगर निकायों में से 3 में चुनाव होना है। इसके लिए ईवीएम सीलिंग का काम चल रहा है। प्रथम चरण में मधेपुरा, आलमनगर और उदाकिशुनगंज में आगामी 10 अक्टूबर को मतदान होना है। मधेपुरा नगर परिषद के लिए होने वाले मतदान के लिए जिला मुख्यालय स्थित ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय में ईवीएम सीलिंग का काम चल रहा है। इस सम्बन्ध में अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मधेपुरा नगर परिषद में 26 वार्डों के लिए 66 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जहाँ मुख्य पार्षद, उप-मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद पद के लिए अलग-अलग ईवीएम में मतदान कराए जाएँगे। उन्होंने आगे कहा कि भयमुक्त माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से निष्पक्ष चुनाव करने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर तैयारी कर रहा है।