संवाददाता- अजय शर्मा
बेतिया- नैनीताल में हुए लैंडस्लाइड से बेतिया के नौ घरों के चिराग बुझ गए। दो दिन पहले नैनीताल में हुए लैंड-स्लाइड से बेतिया में कोहराम मचा हुआ है। नैनीताल में पहाड़ क्या दरका नौ परिवारों पर आफत का पहाड़ टूट गया। दरअसल बेतिया जिले से दस मजदूर मजदूरी करने नैनीताल गए थे। जिस घर में वह सभी मजदूर रह रहे थे। उसी घर की छत पर पहाड़ गिर गया। घर पर पहाड़ गिरने से उसमें सो रहे नौ मजदूरों की मलवे में दबकर मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलने के बाद से बैरिया प्रखंड के रनहा और सूर्यपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं मृतक मजदूरों के घरों के बच्चों और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार बदहवास है।