जम्मू– जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत लोहिया की यहां उनके निवास पर हत्या कर दी गयी। आतंकी संगठन पीएएफएफ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इसको लेकर एक कथित पत्र सामने आया है जो पीएएफएफ आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। इस हत्या के पीछे पुलिस को उनके घरेलू सहायक पर शक है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना बताया। उन्होंने कहा कि जसीर नामक घरेलू सहायक को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है। जो फरार है। सिंह ने आगे बताया कि संदिग्ध ने 57 वर्षीय लोहिया के शव को जलाने का भी प्रयास किया। बता दें कि लोहिया को अगस्त में केंद्र शासित प्रदेश के जेल महानिदेशक के रूप में पदोन्नत और नियुक्त किया गया था।