मधेपुरा – मधेपुरा के श्री कृष्ण गौशाला परिसर में गोपाष्टमी के मौके पर होने वाले राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के आयोजन को लेकर आज डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीडीसी नितिन कुमार सिंह ने की। बैठक में दो वर्षों के कोरोना काल के बाद इस बार भव्य तरीके से गोपाष्टमी महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस महोत्सव का थीम कृष्ण होंगे। पूरे महोत्सव में उनसे जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में श्री कृष्ण गौशाला के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि एक नवंबर को गौशाला परिसर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना के साथ गोपाष्टमी का शुभारंभ होगा। इसके बाद 2 से 8 नवंबर तक वृंदावन मथुरा के कलाकारों के द्वारा कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा। मुख्य गोपाष्टमी महोत्सव 9 से 11 नवंबर तक होगा। जिसका उद्घाटन 9 नवंबर को होगा।