पटना – मूर्ति विसर्जन के दौरान पटना में एक बड़ा हादसा हो गया। जहां गंगा नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद नदी थाना पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की सहायता से तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला, तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। वहीं युवकों की मौत की खबर के बाद आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। यह घटना पटना के नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर घाट की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबलपुर घाट पर लगभग 30 से 40 लोग पर मूर्ति विसर्जन करने के लिए पहुंचे थे। जैसे ही माता की मूर्ति को लेकर लोग गंगा में उतरे, वहां गहराई ज्यादा होने से तीन युवक गंगा में डूबने लगे। जिसे देखते ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की सहायता से उन्हें खोज निकाला। लेकिन तब तक तीनों युवक की मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।