नालंदा – लोक आस्था का महापर्व छठ का सोमवार से नहाए खाए के साथ छठ व्रती इस महा अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे, साथ ही माहौल भक्तिमय हो जाएगा। नहाए खाए के दिन छठ व्रती नदी, तालाब एवं पोखर में स्नान कर चावल, चना से निर्मित दाल एवं लौकी की सब्जी, शुद्ध घी एवं सेंधा नमक से बना भोजन करेंगे। मंगलवार को छठ व्रतधारी खरना करेंगे। खरना के दिन गेहूं के आटे से बनी रोटी एवं चावल, दूध तथा गुड़ से निर्मित खीर का प्रसाद बनाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद से 36 घंटे का निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। बुधवार को छठव्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित देंगे। वहीं गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का इस वर्ष समापन हो जाएगा। बता दें कि छठ महापर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के विभिन्न इलाकों की सड़कों के दोनों ओर फल व पूजन सामग्री की दुकानें खुली हुई है।