मधेपुरा – सरकार एवं अधिकारी बराबर निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हैं। लेकिन विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण ठेकेदार अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे। मामला मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 का है। जहां ठेकेदार एवं पार्षद पुत्र के मिलीभगत से पीसीसी सड़क निमार्ण कार्यों में खुलेआम धांधली हो रही है। ऐसे ठेकेदारों को ना ही सरकार का खौफ है और ना ही प्रशासन का। मधेपुरा नगर परिषद स्थित आदर्श नगर वार्ड नंबर 8 में पीसीसी सड़क निर्माण के कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने की बात सामने आई है। जहां ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रख घटिया सामग्री के साथ साथ कम सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। जिस पर मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार के द्वारा धरातल पर सड़क निर्माण करने से पहले ना तो बोर्ड लगाया गया और ना ही लागत राशि दर्शाया गया है।
