गुरुग्राम – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नेताजी के नाम से प्रसिद्ध 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर अंतिम सांस ली। पिछले 22 अगस्त को मुलायम सिंह यादव को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीच में उनकी तबीयत कुछ ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें 1 अक्टूबर की रात आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। मुलायम सिंह यादव को चेस्ट इन्फेक्शन, यूरिन इन्फेक्शन और सांस लेने में तकलीफ के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव ने ट्विटर पर बताया कि ‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। उनके निधन पर राष्ट्रपति सहित कई गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना प्रकट किया है। बताते चले कि मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में उनके पैतृक गांव सैफई में कल शाम तीन बजे किया जाएगा।
