जम्मू-कश्मीर में हुए एक ब्लास्ट में बेगूसराय के लेफ्टिनेंट शहीद

संवाददाता – मनोहर कुमार सिंह

बेगूसराय – जम्मू-कश्मीर में शनिवार की देर शाम हुए एक ब्लास्ट में बेगूसराय के लेफ्टिनेंट शहीद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय में मातमी सन्नाटा पसर गया है। मृतक ऋषि कुमार बेगूसराय जिला मुख्यालय के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी राजीव रंजन के पुत्र थे और एक साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। 30 अक्टूबर को सुंदरवन सेक्टर के रजौरी नौशेरा में हुए आईईडी ब्लास्ट के दौरान वे शहीद हो गए।  शहीद ऋषि कुमार मूलतः लखीसराय के पिपरिया के निवासी थे। लेकिन कई दशक पूर्व से ही जीडी कॉलेज के समीप पिपरा रोड में घर बनाकर रह रहे थे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शहीद के पिता राजीव रंजन ने बताया कि टेलिफोनिक सूचना मिली कि आपके पुत्र शहीद हो गए हैं। पिता ने आगे कहा कि 4 दिन पहले ही मां से उसने बात किया था और बोला कि बहन की शादी में छुट्टी लेकर आ रहे हैं। इसी बीच आज सूचना मिली की ऋषि शहीद हो गए। मौके पर जदयू नेता सुदर्शन सिंह, युवा जदयू जिलाध्यक्ष सौरभ कुमार, स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि उमेश ठाकुर समेत सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि ऋषि कुमार का करीब एक माह पहले जम्मू कश्मीर के नौसेरा सेक्टर में पोस्टिंग हुआ था। शनिवार की शाम अपने टीम के साथ पाकिस्तान के बॉर्डर इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे विस्फोट में ऋषि समेत तीन लोग शहीद हो गए। जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सेना में ही कार्यरत ऋषि के रिश्तेदार मौके पर पहुंच चुके हैं। इधर अपने इकलौते पुत्र के निधन से माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ऋषि अपने दो बहनों के इकलौते भाई और पिता के दो भाइयों में इकलौते चिराग थे। घटना के बाद बेगूसराय से लेकर लखीसराय तक दुख की लहर फैली हुई है। परिजन ने बताया कि ऋषि के छोटी बहन की 29 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारी चल रही थी और 22 नवंबर को ऋषि बहन की शादी में शामिल होने के लिए आने वाले थे। लेकिन इसी बीच उनके मौत की सूचना से पूरे जिले वासियों सहित पूरे परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पार्थिव शरीर रविवार दोपहर तक बेगूसराय पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *