रांची – झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को मंत्रालय में 18 विभिन्न विभागों के द्वारा चलाई जा रही 64 विकास योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में जमीन का सर्वे कराने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा कि इसके लिए राजस्व विभाग अन्य राज्यों में जमीन सर्वे के लिए अपनायी गयी प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठाते हुए रिपोर्ट तैयार करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जमीन का सर्वे नहीं किए जाने से भविष्य में कई विवादों को जन्म देने के साथ लोगों की परेशानियां भी बढ़ सकती है। इस समीक्षा बैठक के दौरान मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह सहित सभी विभागों के सचिव व जिलों के उपायुक्त भी मौजूद थे।