जामताड़ा से तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, रांची के डॉक्टर को बनाया था ठगी का शिकार

जामताड़ा – साइबर ठगी का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र जामताड़ा में साइबर पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधानी और कासिंटाड़ से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने अभियुक्त दिनेश मंडल, राजेश मंडल गांव दुधानी और कंचन मंडल को गांव कासिंटाड़ से इन्हें साइबर अपराध करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इन सभी के विरुद्ध रांची थाना में भी साइबर ठगी का मामला दर्ज है। रांची के डॉ अजय कुमार गुप्ता से 20 दिन पूर्व इन साइबर अपराधियों ने बिजली बिल में गड़बड़ी का झांसा देकर तीन लाख 25 हजार रुपए की ठगी को अंजाम दिया था। जिसके बाद डॉ अजय कुमार ने राँची थाना में मामला दर्ज कराया था। रांची पुलिस को जाँच के क्रम में पता चला यह सभी साइबर अपराधी जामताड़ा जिले के करमाटांड़ से ठगी का शिकार लोगों को बना रहे है। जिसके बाद राँची पुलिस ने जामताड़ा पुलिस से संपर्क किया। जामताड़ा साइबर पुलिस ने छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों के पास से 10 मोबाइल, 14 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *