रांची – दीपावली के संपन्न होने का साथ ही महापर्व छठ की तैयारी शुरू हो चुकी है। इसे लेकर नगर प्रशासन ने राजधानी रांची के विभिन्न छठ तलाबों सहित नदियों की सफाई के साथ सुरक्षा को लेकर कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसे छठ के पहले पूरा कर लिया जाना है। इसी बीच बुधवार को सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छठ महापर्व को लेकर कांके डैम और हटनिया तालाब के घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर उन्होंने आगामी छठ महापर्व को लेकर राज्य के सभी घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। साथ ही राजधानी रांची के कांके डैम और हटनिया तालाब घाट पर साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को कई निर्देश दिए। बताते चलें कि 28 अक्टूबर से लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो रहा है। वहीं छठ घाटों के निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री के साथ रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त शशि रंजन, उप विकास आयुक्त और सदर अनुमंडल पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।
