अनियंत्रित ट्रक ने 5 लोगों को कुचला

सीवान – सीवान से एक बड़ी खबर है, जहां अनियंत्रित ट्रक ने 5 लोगों को कुचल दिया। घटना पचरुखी थाना क्षेत्र और सराय ओपी थाना क्षेत्र के चाप गांव के समीप की है। जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीवान सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने पचरुखी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को कुचल दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिसके बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा, इसी दौरान ट्रक ने चाप गांव के समीप दो ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। जिससे ई रिक्शा में सवार चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दोनों ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क को जाम कर ट्रक चालक पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे। मृतक की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के सोनापीपर निवासी सुनेला राम के पुत्र शिववचन राम के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी रामपूजन मांझी के पुत्र हरेंद्र मांझी, असगर अली के पुत्र फिरोज आलम, सराय ओपी थाना क्षेत्र के चाप गांव निवासी नबी हुसैन के पुत्र मोहम्मद अली, पटना निवासी मुनेश्वर राय के पुत्र चंदन कुमार राय के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *