संवाददाता – अनिल कुमार
हाजीपुर – बिहार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। लूट की वारदात आम हो गई है। अपराधी जब चाहे कहीं भी किसी भी बड़ी घटना को अंजाम दे जाते हैं और बिहार की पुलिस सोती रह जाती है। बिहार के हाजीपुर में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि किसी भी बड़ी से बड़ी लूट की घटना का अंजाम आसानी से दे जाते हैं। बीते शनिवार की शाम हाजीपुर के अनवरपुर चौक के समीप करोड़ों की सोना लूट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि 72 घंटे बाद बेखौफ अपराधियों ने अद्योगिक थाना क्षेत्र में सोना चांदी व्यवसायी से करीब 30 लाख रुपए के चांदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के रोसरा बाजार के सोना चांदी व्यवसायी से बाइक सवार हथियार बंद अपराधियों ने गाड़ी को ओवरटेक कर 30 लाख के चांदी का आभूषण लूटकर फरार हो गए। बताया जाता है कि व्यवसायी पटना से सामान लेकर अपनी कार से समस्तीपुर के रोसड़ा जा रहे थे। तभी बाइक सवार अपराधियों ने गाड़ी को रोककर व्यवसायी को गन पॉइंट पर रखकर घटना को अंजाम दिया और साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। वहीं लगातार हो रहे लूट की घटना से हाजीपुर शहर में दहशत का माहौल कायम है। वहीं दूसरी ओर वैशाली पुलिस पर भी अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं।