दिल्ली – कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी है। इस चुनावी अखाड़े में कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे आमने-सामने खड़े हैं। आपको बता दें कि 24 वर्षों के बाद नेहरू-गांधी परिवार के बाहर से कोई अध्यक्ष बनने जा रहा है। वहीं कांग्रेस में अध्यक्ष पद की चुनाव की बात करें तो यह 22 वर्ष के बाद हो रहा है। पिछली बार वर्ष 2000 में चुनाव कराया गया था। तब से लेकर अब तक या तो सोनिया गांधी या फिर राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काबिज रहे हैं।
मतदान में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया। जहां सोनिया और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में चुनाव में हिस्सा लेते हुए मतदान किया। वहीं राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में अपना वोट डाला। बताते चलें कि इन दिनों राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं।