नागपुर – नागपुर टी-20 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर लिया। बता दें कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टी20 मुकाबले में छह विकेट से मात दे दी है। इसके साथ ही उसने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। बारिश से प्रभावित मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को आठ ओवर में जीत के लिए 91 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे उसने चार बॉल रहते हासिल कर लिया।
बारिश के कारण मैच काफी देरी से शुरू हुई। इसी कारण मैच को आठ-आठ ओवर का कर दिया गया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरू से ही दबाव में दिखी। मैच के दूसरे ही ओवर में उसने कैमरून ग्रीन (5) और ग्लेन मैक्सवेल (0) का विकेट गंवा दिया। जहां ग्रीन को कोहली ने रन आउट किया, वहीं मैक्सवेल को अक्षर ने अपनी स्पिन के जाल में फंसाया। ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 50 रन के भीतर अपने चार विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन मैथ्यू वेड की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम को 90 रन पर पहुंचा दिया, वेड ने 43 नाबाद रन बनाए। वहीं टीम इंडिया की जीत के हीरो कप्तान रोहित शर्मा रहे, जिन्होंने 20 बॉल पर नाबाद 46 रनों की पारी खेली। दिनेश कार्तिक ने भी आखिरी ओवर में छक्का एवं चौका लगाकर मैच समाप्त कर दिया।