बाइक चोरी नहीं कर पाया तो लगा दी आग

मधेपुरा – मधेपुरा जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। नई बाइक चोरी नहीं कर पाने पर चोरों ने बाइक में ही आग लगा दी। बाइक जब धू-धू कर जलने लगी, तो इसकी जानकारी सो रहे बाइक मालिक को हुई। लेकिन जब तक वह उठकर बाइक के पास आते, तब तक चोर फरार हो चुका था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर आकर छानबीन की और इस बाबत पीड़ित से आवेदन लिया। घटना मधेपुरा सदर अनुमंडल के कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत इसराइन कला पंचायत स्थित वार्ड-10 जोरावरगंज गांव का है। पीड़ित मोहम्मद परवेज ने बताया कि 30 जुलाई 2022 को ही उन्होंने अपाचे बाइक खरीदी थी। रात को उन्होंने अपने आंगन में बाइक को खड़ा किया और खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग सो गए। उन्हें अंदेशा है कि रात को 3-4 की संख्या में चोर उनके आंगन में घुसे होंगे। पहले उन लोगों ने बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास किया। जब लॉक नहीं टूटा होगा तो वे लोग बाइक को उठाकर आंगन के बाहर लेकर आए होंगे। जहां उनलोगों ने बाइक रखी थी, उस जगह पर भी निशान बना हुआ था। इसके बाद वहां पर भी उन लोगों ने बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास किया होगा। लेकिन जब लॉक नहीं टूटा तो उन लोगों ने गुस्से में बाइक में आग ही लगा दी। आग की लपटें उठने के बाद घटना की जानकारी हुई। इधर कुमारखंड थाना की पुलिस का कहना है कि पीड़ित के द्वारा आवेदन दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *