रांची – कार की पिछली सीट पर बैठकर सफर करने वालों को भी सीट बेल्ट लगाना होगा। अगर सीट बेल्ट नहीं लगाया तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 1000 रुपए का जुर्माना लगेगा। इसे लेकर रांची शहर में सात दिनों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, उसके बाद सीट बेल्ट नहीं लगाने पर कार्रवाई होगी। आपको बता दें कि राजधानी रांची में भी कार की पिछली सीट पर बैठकर सफर करने वालों को सीट बेल्ट लगाना होगा। कार की अगली सीट की तर्ज पर पीछे सीट पर बैठने वालों ने अगर सीट बेल्ट नहीं लगाया तो उन्हें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना भरना पड़ेगा। रांची पुलिस इसकी तैयारी में जुट गई है। दरअसल टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री और उनके दोस्त की सड़क हादसे में मौत के बाद केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक इंटरव्यू के दौरान इसका ऐलान किया है। रांची के प्रभारी ट्रैफिक एसपी अंशुमान कुमार ने मीडिया को बताया है कि इसे लेकर शहर में एक सप्ताह तक जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। उसके बाद गलती करने पर कार्रवाई की जाएगी।
