रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर, औरंगाबाद
औरंगाबाद- औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन करने में सफलता पाई है। औरंगाबाद जिला के ओबरा थाना क्षेत्र के नोआव गांव में पुलिस ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए है। साथ ही एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान औरंगाबाद एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई में 3 थ्रीनट बंदूक, एक देसी कट्टा, एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा, एक 12 बोर का अर्धनिर्मित देसी पुराना कट्टा, 35 की संख्या में लोहे से बना अर्धनिर्मित बंदूक का बैरल बरामद किया गया है। इसके साथ हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाला लोहे का स्प्रिंग, सहित अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान रोशन विश्वकर्मा ने बताया कि वह कई साल से हथियार बनाने का काम कर रहा था। वह वर्ष 2012 में जेल भी जा चुका था। इस कार्रवाई में ओबरा थाना अध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, गोह थानाध्यक्ष शमीम अहमद, जिला सूचना इकाई के प्रभारी गुफरान अली, प्रणव कुमार, धामू कुमार गुप्ता ,विनय कुमार आदि शामिल थे।