संवाददाता – राकेश कुमार
आरा – भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के आयर गांव में भगवान भास्कर की मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस एवं ग्रामीण के बीच झड़प हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज एवं उन पर रोड़े बाजी भी की। इस झड़प में एक एएसआई समेत तीन पुलिस जवान जख्मी हो गए। जिसके बाद उनका इलाज स्थानीय सीएससी में कराया गया। जानकारी के अनुसार जख्मी पुलिसकर्मियों में एसआई दीपक कुमार, होमगार्ड जवान महेंद्र सिंह एवं एक अन्य जवान शामिल है। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आयर गांव निवासी ओम प्रकाश चौधरी एवं मिथिलेश चौधरी शामिल है। इधर जगदीशपुर एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन ने बताया कि आयर गांव स्थित पोखरे पर छठ की पूजा की जाती है। वहीं ग्रामीणों द्वारा भास्कर भगवान की मूर्ति उठाई गई थी। जब थाना प्रभारी के द्वारा बोला गया कि सरकार के नए नियम के अनुसार किसी भी मूर्ति को उठाने एवं जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लिया जाता है, तो ग्रामीणों ने बताया कि हम लोग मूर्ति यही रखते हैं और यहीं पोखरा में ही विसर्जन कर देते हैं। कोई जुलूस नहीं निकाली जाती है। इसके बाद ग्रामीणों ने मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे के साथ जुलूस निकाल दिया गया। इसकी सूचना पाकर थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे तो पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच तू-तू-मैं-मैं हो गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने एक एएसआई समेत दो जवान की पिटाई कर दी। वहीं मामले में जगदीशपुर एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन ने बताया कि इस मामले में दो को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही 20 नामजद एवं 30 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।