संवाददाता – अमन कुमार
सहरसा – 18 वर्षों के बाद बिहार स्टेट कॉपरेटिव बैंक का सहरसा में शुभारंभ किया गया है। बिहार स्टेट कॉपरेटिव बैंक के शुभारंभ होने से स्थानीय किसानों में खुशी देखी जा रही है। बता दें कि बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं सहकारिता सचिव वंदना प्रेयसी के द्वारा शहर के कोसी चौक स्थित बिहार स्टेट कॉपरेटिव बैंक का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। इस मौके पर बैंक में मौजूद बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ आलोक रंजन झा, जिला अधिकारी कौशल कुमार एवं डीडीसी साहिला ने संयुक्त रूप से दिप प्रज्ज्वलित कर बैंक का शुभारंभ किया। बिहार स्टेट कॉपरेटिव बैंक के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री आलोक रंजन झा और जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सहकारिता मंत्री बिजेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। यहां कॉपरेटिव बैंक के नहीं रहने के कारण, यहां के किसानों को सैकड़ो किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बेगूसराय जिला स्थित बीहट जाना पड़ता था। जिससे किसानों को काफी परेशानी होती थी। वहीं किसानों का कहना है कि अब उन्हें रुपये निकासी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।