झारखंड- गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार से बाबा बैजनाथ धाम में श्रावणी मेला का शुभारंभ हो गया है। बिहार झारखंड की सीमा क्षेत्र दुम्मा में राजकीय श्रावणी मेला 2022 का उद्घाटन किया गया। बॉर्डर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सांसद निशिकांत दुबे और कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद फीता काटकर और नारियल फोड़कर कांवरियों के लिए पथ को खोल दिया गया। आपको बता दें कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैजनाथ की नगरी में सावन और भादो माह में लाखों लाख श्रद्धालु बाबा बैजनाथ पर जल अर्पण करने पहुंचते हैं। बीते दो वर्षों से कोरोना महामारी के कारण यहाँ मेले का आयोजन नहीं किया गया था। जिसके बाद अब जा कर प्रशासन ने मेले के आयोजन को मंजूरी दी है। इस अवसर पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि श्रावणी मेला राजनीति करने की जगह नहीं है। वहीं कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि श्रावणी मेला के आयोजन को लेकर सरकार गंभीर थी, आज मेले का उद्घाटन किया गया है।