आग की चपेट में आया एसबीआई एटीएम केबिन, गनीमत से बचा कैश

बोकारो- पेटरवार स्थित बाजार टांड़ स्टेट बैंक ब्रांच के एटीएम केबिन में शार्ट-सर्किट से आग लग जाने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में बिजली विभाग को फोन पर घटना की सूचना दी गई। गनीमत यह रही की इस आगजनी में केवल एटीएम पावर रूम ही प्रभावित हुआ। एटीएम मशीन और उसमें भरा सारा कैश सुरक्षित बच गया। घटना के संबंध में बताया गया की गुरुवार की सुबह 9:30 बजे के लगभग एटीएम के पावर रूम केबिन से गार्ड सुलेखा कुमारी ने धुंआ निकलते देखा। शटर खोले जाने से आग की लपटें बाहर निकलने लगी। एका-एक आग को देख वहा भगदड़ का माहौल बन गया। बैंक स्टाफ व स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति ठप कराई। आग पर काबू पाने के साथ-साथ एटीएम को बंद कराया गया। बताया जाता है कि एटीएम पावर केबिन में लगे चेंजर में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। रात में एटीएम बंद करने के दौरान लाइट नहीं थी इस वजह से जनरेटर से एटीएम को पावर सप्लाई किया जा रहा था। संभावना जताई जा रही है की एटीएम बंद करने के दौरान जनरेटर का पावर सप्लाई बंद नहीं किया गया होगा, अचानक बिजली आने की वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ हो जिससे यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *