झारखंड में वीकेंड लॉकडाउन हुआ समाप्त, रविवार को भी खुल सकेंगी सभी दुकान

रिपोर्ट- प्रियंका कुमारी

रांची- राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों में आई कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने आम नागरिकों के लिए वीकेंड लॉकडाउन को समाप्त करने का बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को हुई आपदा प्रबंधन की बैठक में यह अहम  फैसला लिया गया। वीकेंड लॉकडाउन समाप्त होने के बाद अब बाजार रविवार को भी सामान्य रूप से खुल सकेंगे। सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण के मामलों को बढ़ता देख 22 अप्रैल 2021 से वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था। जिसके तहत शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक दुकानों को बंद रखने का प्रावधान था। हालांकि सरकार द्वारा समय समय पर लोगों की जरूरतों के हिसाब से कुछ छूट भी दी गई। लेकिन इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य रखा गया। 6 माह के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से बाजार में सभी दुकाने सामान्य रूप से खुलना आम नागरिकों के लिए किसी उपहार से काम नहीं है। इसके साथ ही कोचिंग संस्थानों में उम्र की बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया है।  राज्य में अंगनबाड़ी केंद्रों को भी विशेष गाइडलाइन के तहत खोला जाएगा।  जिन अंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ली है वह अंगनबाड़ी केंद्र का संचालन कर सकेंगी।  इसके अलावा विवाह लग्न को देखते हुए भी सरकार द्वारा इसमे भी रियायत दी गई है।  अब विवाह समारोह में 500 तक लोग शामिल हो सकते है। हालांकि सरकार के आदेशानुसार अभी भी कुछ पाबंदिया लगाई गई है।  जुलूस एवं मेले के आयोजनों को लेकर प्रतिबंध जारी रहेगा।  वहीं स्कूलों में कक्षा 1 से 5वी तक की कक्षाएं अभी भी बंद रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *