गुमला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। बरामद ब्राउन शुगर का वजन 2.35 ग्राम है जिसकी बाजार में कीमत 25000 रुपए तक बताई जा रही है। गुमला एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल ने बताया कि कुछ दिनों से क्षेत्र में धड़ल्ले से ब्राउन शुगर का कारोबार हो रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी गुप्ता सूचना पुलिस को दी गई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर एक टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई हेतु संभावित क्षेत्र भेजा गया। जहां खरका पुल के पास दो युवकों को ब्राउन शुगर बेचते हुए पाया गया। जिसके बाद पुलिस की टीम द्वारा उन्हें धर दबोचा गया। फिलहाल गिरफतार युवकों से पुलिस सभी बिंदुओं पर पूछ ताछ कर रही है। वहीं जांच के बाद इस गिरोह के सरगना को भी पकड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।