गुमला जिला में लगातार हो रही बारिश एवं आंधी तूफान से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस आंधी पानी का असर पालकोट प्रखंड में भी देखने को मिला। जहां नवाटोली गांव के तीन घर ध्वस्त हो गए। फूल कुमारी देवी के मकान पर एक विशालकाय इमली का पेड़ गिरने से मकान ध्वस्त हो गया। पीड़ित परिवार के लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं सालो देवी एवं राम नायक का आवास भी बारिश के कारण ध्वस्त हो गया है। अब ये सभी परिवार अपने पड़ोसियों के घरों में रहने को विवश है। इस बात की सूचना मिलने पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खुशमन नायक अपनी टीम के साथ पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। साथ ही उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द प्रधान मंत्री आवास निर्माण योजना का लाभ देने की मांग की है तथा अंचल अधिकारी से पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से मुअवजा देने की मांग की है। वहीं पीड़ित परिवार के लोगों ने भी जिला प्रशासन से मदद की अपील की है।