देवघर- एक ओर देवघर जिला प्रशासन श्रावणी मेला की तैयारियों में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर फेडरेशन की हड़ताल निगम की मुश्किलें बढ़ाने का काम कर रही है। श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच ही फेडरेशन के द्वारा हड़ताल की घोषणा की जा चुकी है। देवघर नगर निगम के डिपो में फेडरेशन के द्वारा सभी सफाई कर्मियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें हड़ताल की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार राज्य सरकार कार्य नहीं कर रही है और ना ही इनके मांगों पर विचार कर रही है। इनकी दो प्रमुख मांगे हैं जिसमें पहला वैसे कर्मी जिन्होंने 10 साल तक कार्य किया है उनका नियमितीकरण करना और दूसरा सरकार नियमित कर्मचारियों के वेतन मद में 70 फ़ीसदी अनुदान देती थी जिसे 2023 में समाप्त किया जा रहा है। ऐसे में यह नियमित कर्मचारी भी वेतन से हाथ धो बैठेंगे ऐसे में फेडरेशन ने सरकार को और निगम को आगाह किया है कि दोनों मांगों पर जल्द से जल्द फैसला ले नहीं तो एक 11 जुलाई से 13 जुलाई तक यह सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे और उसके बाद भी उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो श्रावणी मेला के दौरान पूरे महीने सफाई कार्य ठप कर दिया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार पर होगी। गौरतलब है कि इसके पहले भी फेडरेशन ने निगम को इस बात की सूचना दी थी, लेकिन अब तक इस पर कोई विचार नहीं हुआ है। वहीं इस मामले पर नगर आयुक्त कहते हैं कि यह मामला राज्य सरकार के अधीन है। श्रावणी मेला का आयोजन होने वाला है ऐसे में निगम कर्मी अगर हड़ताल पर जाते हैं तो निगम की मुश्किलें बढ़ना तय है।