रांची – देश भर में गुरुनानक देव जी महाराज के जयंती अवसर पर आयोजित “553 वें प्रकाश उत्सव” धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी रांची में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। गुरुनानक जयंती के अवसर पर पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल पहुंचे मुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब पर मत्था टेक कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मौके पर सीएम ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और पवित्र दिन है। मुझे भी आज गुरु ग्रंथ साहिब के स्थापना स्थल पर मत्था टेकने का मौका मिला है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार सिख समुदाय के साथ सदैव खड़ी है। साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को 553 वें प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मौके पर मुख्यमंत्री ने गुरुनानक स्कूल से कडरू रोड को जोड़ने वाली पी.सी.सी.पथ का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।