संवाददाता – अजीत कुमार
कैमूर – कैमूर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 8 खोखा सहित दो लोग गिरफ्तार किया। खबर कैमूर जिले से है जहां मोहनिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली की मोहनिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब, हीरोइन एवं अवैध हथियार के कारोबारी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोहनिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें थानाध्यक्ष ललन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार वर्मा, प्रभारी डीआईयू को शामिल किया गया। वही गठित टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम आलाडीह, अवारी एवं मुड़हरियां में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में आलाडीह गांव के अपराधी अनमोल कुमार को गिरफ्तार किया गया। अनमोल कुमार से पूछताछ के आधार पर ग्राम मुड़हरियां में छापेमारी की गई, तो लोहा शर्मा उर्फ धर्मेंद्र पिता स्वर्गीय उमाशंकर शर्मा के घर से काफी मात्रा में निर्मित, अर्धनिर्मित अवैध हथियार गोली, खोखा एवं हथियार बनाने का औजार एवं 9130 रुपया नगद बरामद किया गया। बताया जाता है कि लोहा शर्मा उर्फ धर्मेंद्र शर्मा पूर्व में भी अवैध हथियार बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।