Reporter- Priyanka Kumari
रांची– शारदीय नवरात्र को लेकर राजधानी रांची के सभी पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए है। इसके साथ ही पंडालों में लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। रांची के पूजा पंडाल अपनी भव्यता के लिए जाने जाते रहे हैं। लेकिन कोरोना महामारी के कारण इस बार भी पंडालों की रौनक पूरी तरह से गायब है। कुछ पूजा पंडालों को छोड़ कर हर जगह की रौनक फीकी लग रही है। कोरोना महामारी को देखते हुए आयोजकों द्वारा भव्य आयोजन व साज सज्जा नहीं की गई है। जिला प्रशासन के दिशा निर्देश का पालन करते हुए छोटे व सामान्य सजावट के साथ पंडाल बनाए गए है। पूजा पंडाल समितियों द्वारा कोरोना गाइड लाइन का भी विशेष रूप से पालन कराया जा रहा है।वहीं श्रद्धालु भी कोरोना गाइड लाइन का पालन करते नजर आ रहे है। रांची रेलवे स्टेशन पूजा समिति द्वारा बनाया गया पंडाल लोगों के लिए आकर्षक का केंद्र बना हुआ है। पंडाल के हर कोने में उल्लू की आकृति को दर्शाया गया है, जो लक्ष्मी का वाहन है। पंडाल के माध्यम से राज्य को कोरोना से मुक्ति दिलाने और राज्य को सुखी सम्पन्न बनाने का भी संदेश दिया जा रहा है। वहीं बात अगर बकरी बाजार के पूजा पंडाल की की जाए तो इस वर्ष जिला प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए यहा भी सामान्य पंडाल बनाया गया है। बकरी बाजार पूजा समिति द्वारा इको फ्रेंडली कलर व मिट्टी का इस्तेमाल कर मूर्ति तैयार की गई है। वहीं अगर सुरक्षा व्यवस्था की बात की जाए तो जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है।