डीएमसीएच की नर्सें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Reporter – Ashok Thakur

दरभंगा – डीएमसीएच की नर्सें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गई हैं। नर्सों ने अस्पताल प्रबंधन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। वहीं उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल  में नर्सों की हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बता दें कि नर्सें अपनी नियमित वेतन की मांग को लेकर अधीक्षक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी हैं। जिसके चलते मरीज और उनके परिजन परेशान हैं। परिजन अपने मरीजों को दवा दिलवाने के लिए इधर-उधर घूम रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। नर्सों के हड़ताल के कारण मरीजों को दवाई और इंजेक्शन समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी नर्सों ने बताया कि हम लोगों का वेतन पिछले कई महीनों से लंबित है। सरकार और अस्पताल प्रशासन से हमलोग लगातर नियमित वेतन की मांग कर रहे हैं। लेकिन हमारी मांगों पर आज तक विचार नहीं किया गया है। जिससे निराश होकर हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भी नियमित वेतन की मांग को लेकर डीएमसीएच की नर्सें हड़ताल पर चली गई थीं। जैसे ही नर्सों की हड़ताल की खबर अस्पताल अधीक्षक व प्राचार्य को लगी, उन्होंने नर्सों के साथ आपातकालीन बैठक करते हुए तीन दिन का समय मांगते हुए काम पर लौटने का आग्रह किया था। जिसके बाद नर्स काम पर लौट आई थीं। अब तीन दिन बीत जाने के बाद एक बार फिर से नर्सों ने हड़ताल का रास्ता अख्तियार कर लिया है। ऐसे में मरीज और उनके परिजन परेशान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *