माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस को सफलता

औरंगाबाद – माओवादियों के खिलाफ चलाई जा रही अभियान में औरंगाबाद पुलिस को बहुत बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने 15 किलो आरडीएक्स, दो राइफल एक हजार डेटोनेटर समेत भारी मात्रा में असलहे, गोलियां व विस्फोटक सामग्री बरामद की। गौरतलब है कि अति नक्सल प्रभावित औरंगाबाद जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे स्पेशल ऑपरेशन में कोबरा बटालियन को बहुत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि नक्सल विरोधी अभियान के दौरान खुफिया इनपुट मिला कि अति नक्सल प्रभावित मदनपुर थाना क्षेत्र के बंदी, करीबा, डोभा, सहिया पहाड़, मोरवा, विदाईनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों पर हमला करने की तैयारी की जा रही है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक एवं 205 कोबरा वाहिनी के समादेष्टा कैलाश के संयुक्त निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) मुकेश कुमार, सीआरपीएफ की 205 कोबरा वाहिनी के सहायक समादेष्टा अमित कुमार सिंह, विनीत कुमार एवं 47वीं वाहिनी के सहायक समादेष्टा प्रदीप कुमार के संयुक्त नेतृत्व में कोबरा, सीआरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने इन इलाकों में नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। जिसमें टीम को सफलता मिली। हालांकि इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी तो नहीं हुई है, लेकिन दर्जनों नक्सलियों के ऊपर मदनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *