पाकुड़- जिला के सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में जल्द ही मरीजों के लिए सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया तेजी हो गई है। सिविल सर्जन डॉ मंटू टेकरीवाल ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सोनोग्राफी की सुविधा होने से गर्भावस्था में गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की जांच में मदद मिलेगी। वहीं इससे अन्य तरह की जांच भी की जा सकेगी। जिससे मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी। इसके लिए उपायुक्त से भी सहमति मिल गई है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में एक महीने में 60 से 70 सिजेरियन डिलीवरी होती है। इसके लिए गायनोकोलॉजिस्ट डॉ मनीष कुमार के स्थानांतरण को रोकने के लिए उपायुक्त के माध्यम से विभागीय सचिव को अवगत कराया गया है। ताकि सिजेरियन डिलीवरी में किसी तरह की बाधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर सभी डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे जिस किसी भी मरीज को हायर सेंटर रेफर करेंगे, तो उस मरीज को भेजने के लिए एंबुलेंस सहित अन्य सुविधाओं से भी सहयोग करेंगे, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।