गुमला- नक्सलियों का तांडव एक बार फिर गुमला जिले के विकास कार्य में बाधा डालने का काम कर रहा है। ताजा मामला गुमला जिला के चैराम्बा नदी पर हो रहे पुल निर्माण से जुड़ा है। जहां नक्सलियों ने पुल निर्माण कार्य में लागे एक रोड रोलर को आग के हवाले कर दिया। साथ ही पोस्टर के माध्यम से पुल निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी दी है। इस घटना के बाद कार्य में लगे हुए मजदूरों में भय व्याप्त है। घटना के विषय में जानकारी देते हुए रोलर के ड्राइवर ने बताया है कि अन्य दिनों की तरह वे कल भी काम करने के बाद शाम में रोलर को खड़ा कर चले गये थे। आज सुबह जब काम पहुंचे तो देखा कि रोलर पूरी तरह से जल चुका है। घटना के संबंध में स्थानीय थाना व संवेदक राजेश अग्रवाल को दी गई। घटनास्थल पर पुलिस ने पहुँच कर मामले की तफतीश की। वही घटनास्थल पर नक्सलियों का एक पोस्टर भी बरामद हुआ। जिसपर तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के जोनल सचिव मनीष नाम पर जारी संदेश था कि 7 जुलाई 2022 से अगले आदेश तक काम बंद रहेगा। वहीं निर्माण कार्य को पुनः चालू करने से पहले संगठन से बात करने को लेकर आगाह किया गया है। एसा न करने पर फौजी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।