राशन कार्ड लाभुकों ने की पीडीएस संचालक की शिकायत, अनाज की कालाबाजारी का लगाया आरोप

गुमला- घाघरा प्रखंड के घोड़ा टांगर ग्राम के ग्रामीणों ने जागृति महिला मंडल के पीडीएस दुकान संचालक पर अनाज की कालाबाजारी का आरोप लगया है। लगातार पीडीएस दुकान द्वारा की जा रही कालाबाजारी से परेशान ग्रामीणों ने घाघरा प्रखंड के सीओ सह प्रभारी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी प्रणव ऋतुराज से मामले की जांच की मांग की । वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी प्रणव ऋतुराज पीडीएस दुकान की जांच करने पहुंचे। जहां उन्होंने उक्त दुकान की स्टॉक पंजी की जांच कर वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान राशन लाभूक ग्रामीण लक्ष्मी देवी, काली साहू  सुरेंद्र उरांव एवं अन्य ग्रामीणों ने राशन वितरण में हो रही परेशानी के साथ डीलर बदल कर समस्या के निदान की मांग की। .  वही ग्रामीणों ने बताया कि जागृति महिला मंडल द्वारा गांव के 11 लाभुकों के राशन सूची से नाम हटवा दिया गया है। जिससे इन लभुकों को राशन का वितरण नहीं किया जा रहा। वहीं कुछ लभुकों ने यह भी आरोप लगाया है की पीडीएस दुकान संचालिका द्वारा राशन कार्ड में पुनः नाम जोड़ने के लिए उनसे 600 से 700 रुपए की मांग की जाती है। ग्रामीणों ने खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी इन लाभुकों को पुनः सूची में शामिल करने की भी मांग की। प्रभारी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी प्रणव ऋतुराज ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा मिली शिकायत के मद्देनजर जागृति महिला मंडल द्वारा संचालित पीडीएस दुकान की जांच की गई है। साथ दुकान संचालन को लेकर स्पष्टीकरण पूछा गया है। दुकान संचालन के साथ लाभुकों से अच्छे व्यवहार के साथ राशन वितरण करने का निर्देश दिया भी गया है। साथ ही उन्होंने बताया की जिन लाभुकों का राशन कार्ड बंद हो गया है उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रणव ऋतुराज, प्रभारी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *