संवाददाता – सुमन शर्मा
कटिहार – कटिहार जिले के बरारी प्रखंड में पंचायत चुनाव के दौरान देर शाम समय समाप्त होने के बाद मतदाताओं को मतदान करने की मांग को पूरी नहीं किए जाने के कारण जमकर बवाल हुआ। इस दौरान मतदान रोकने से उत्तेजित स्थानीय असामाजिक तत्वों द्वारा किये गए पथराव में बरारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सहित लगभग आधा दर्जन लोगों को चोटें आई है। इस पथराव में गंभीर रूप से घायल थानाध्यक्ष राजेश कुमार को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। प्रशासन के बड़े अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बरारी प्रखंड के शिशिया पंचायत स्थित मदरसा दारुल होदा के बूथ संख्या 171 में यह घटना घटित हुई है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि भीड़ को तितर बितर करने के उद्देश्य से पुलिस ने आत्म रक्षार्थ हेतु दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई है। साथ ही इस घटना में शामिल पाँच लोग को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस के नियंत्रण में है।