रांची – लोहरदगा उपायुक्त कार्यालय में नौकरी लगवाने के नाम पर एक महिला से 15 लाख रूपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आपको बता दें कि मामला राजधानी रांची के चुटिया का है। जहां चुटिया थाना पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी का नाम प्रदीप टोप्पो है और वह लोहरदगा के सेन्हा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ गोंदा थाना क्षेत्र की रहने वाली सुषमा बाखला ने मार्च 2022 में प्राथमिकी दर्ज करायी थी कि आरोपी प्रदीप ने लोहरदगा डीसी ऑफिस में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से 15 लाख रुपए की ठगी की है। वहीं जब नियुक्ति की तिथि समाप्त होने के बाद भी नौकरी नहीं लगी, तो उसने आरोपी से पैसे वापस करने की मांग की। लेकिन आरोपी पहले टालमटोल करने लगा, फिर पैसे देने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद सुषमा ने चुटिया थाना में मामला दर्ज कराया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।