रिपोर्ट- मुकेश कुमार सोनी
गुमला- गुमला जिला के रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना स्थित कोंडरा गांव में देर रात को ग्रामीण, विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के लोगों ने पशु तस्करों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक पिकअप वैन में पशुओं को ठूंस कर छत्तीसगढ़ के रास्ते गुमला लाया गया था। ग्रामीणों ने पिकअप सहित पशुओं को जब्त कर लिया। और तीन पशु तस्करों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गाड़ी में लादे गए पशुओं में कई पशु घायल थे। ग्रामीणों ने जिन तीन पशु तस्करों को पकड़ा है उन्मे से गुमला थाना के कतरी गांव निवासी जफान खान, उसमान खान व कोटाम गांव के मोहम्मद फारूक अंसारी का नाम शामिल है। ग्रामीण इन तीनों पशु तस्करों को रात भर बंधक बना कर रखा था। इसके बाद सुरसांग थाना की पुलिस सूचना दी गई। ग्रामीणों ने पशु तस्करी के विरोध में दो घंटे तक कोंडरा-चटकपुर गांव का मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस से पशु की तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही कहा कि अब भी अगर पशु तस्करी पर पुलिस रोक नहीं लगाती, तो ग्रामीण खुद कार्रवाई करते हुए पशु को जब्त करेंगे और पशु तस्करों को पकड़ेंगे। ग्रामीण के उग्र रूप को देखते हुए सुरसांग थाना प्रभारी संदीप राज ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में किसी प्रकार से गोवंशी पशु की तस्करी नहीं होगी। पुलिस पूरी तरह से इसपर नजर रखेगी। गोवंशी पशु तस्करी से जुड़े लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई किये जाने की बात उन्होंने कही। पुलिस ने 12 पशु व तीन पशु तस्कर को हिरासत में लेकर सुरसांग थाना पहुंचे। इस मामले को लेकर थाना में पशु क्रूरता अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
