लातेहार: जिला के बालूमाथ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक में लदे 30 बोड़ा अवैध डोडा (अफीम का एक प्रकार) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार ने इस संबंध में बालूमाथ थाना में प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि लातेहार पुलिस कप्तान के निर्देश पर उनके नेतृत्व में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार महतो और सशस्त्र बल के साथ छापेमारी की गयी है। जहां बालूमाथ थाना से एक किलोमीटर दूर पांकी मोड़ के पास अवैध डोडा लदा ट्रक को पकड़ा गया। उक्त पकड़े गए ट्रक से 30 बोरे में डोडा पाया गया ।वहीं उन्होंने बताया कि जब्त डोडा का कुल वजन 594 किलोग्राम है। जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये है। वहीं पुलिस ने मौके पर ट्रक के चालक और उप-चालक को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए है। वहीं एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया की अवैध सामानों की तस्करी और उससे जुड़े लोगों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत ये सफलता मिली है।
