दुमका जिले के पत्थर औद्योगिक क्षेत्र शिकारीपाड़ा प्रखंड के पिनरगड़िया में ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करने गये जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार रजक, अंचल अधिकारी राजू कमल तथा पुलिसकर्मियों पर भीड़ ने पथराव कर दिया. इसके बाद जब्त किये गये दो ट्रक के चालक को भीड़ में शामिल असामाजिक तत्व छुड़ा ले गये.
100-125 लोगों द्वारा किये जा रहे पथराव में जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार रजक व अंचल अधिकारी राजू कमल किसी तरह खुद को बचाने में तो कामयाब रहे, लेकिन दो पुलिसकर्मी पथराव में घायल हो गये, जबकि श्री रजक का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. उन्होंने शिकारीपाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.