पाकुड़– हिरणपुर थाने की पुलिस ने नकली पिस्तौल और एक चाकू के साथ चार युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिकायत में कहा गया था कि नगर थाना क्षेत्र के नामुपाड़ा मोहल्ला के निवासी हर्ष अग्रवाल पार्सल देने के बहाने घर पहुंचा और मकान के अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्रवाई की गई तो सीसीटीवी फुटेज में घटना को सत्य पाया गया। इसके बाद पुलिस ने हर्ष की खोजबीन करते हुए पाकुड़ रेलवे स्टेशन से हर्ष के साथ जय डे को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की तलाशी ली गयी तो उसके पास से एक नकली पिस्तौल और चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पूछताछ के बाद हर्ष की निशानदेही पर शिवानंद धुली और सुरज दुबे को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी मकान में चोरी की नियत से घुसने का प्रसास किया था।