पाकुड़ पुलिस अधीक्षक ने की मासिक अपराध गोष्ठी बैठक

पाकुड़- पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने मंगलवार को अपने कार्यालय में थानेदारों, पुलिस निरीक्षकों तथा सभी एसडीपीओ के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की। उन्होंने जून माह में विभिन्न थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं की समीक्षा की। साथ ही अपराध पर अंकुश लगाने की योजना बनाई गई। पुलिस अधीक्षक ने बैंकों की सुरक्षा के लिए दिन-रात प्रभावी ढंग से गश्ती करने का निर्देश दिया। डाकघर, एटीएम पर भी नजर रखने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने चोरी पर अंकुश लगाने के लिए थानेदारों को गश्ती अभियान को तेज करने का निर्देश दिया। गैर जमानतीय वारंट एवं कुर्की का निष्पादन करने को कहा। अवैध रूप से शराब, ब्राउन शुगर, गांजा इत्यादि मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि सभी दागियों और आपराधिक छवि वाले लोगों पर कड़ी नजर रखें। वाहन जांच नियमित करें। जेल से बाहर निकलने वाले लोगों पर नजर बनाएं रखें। महत्वपूर्ण कांडों में त्वरित न्याय दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाने की दिशा में पहल करें। दो या तीन वर्ष से अधिक पुराने कांडों का शीघ्र निष्पादन करें। उग्रवादियों व अपराधियों को सहयोग करने वाले लोगों की सूची तैयार कर कार्रवाई करें।उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध के प्रति संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। सभी थानों के आंकड़ों को सीसीटीएनएस में समय पर प्रविष्टि कराएं। थाना क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन व क्रशर का संचालन नहीं होना चाहिए। अवैध खनन व क्रशर का संचालन होने पर थानेदारों पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर पाकुड़ एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, महेशपुर एसडीपीओ नवनीत हेंब्रम, पुलिस निरीक्षक गोपाल कृष्ण यादव, सुनीत कुमार, प्रभु सहाय एक्का, सुरेंद्र रविदास, मुफस्सिल थाना प्रभारी मिंटू भारती, हिरणपुर के प्रभारी थाना प्रभारी देवानंद, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी विजय कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि, पाकुड़िया थाना प्रभारी चंदन गुप्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *