देवघर हवाई अड्डे का पीएम ने किया उद्घाटन

देवघर – आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 401 करोड़ रुपये की लागत से बने देवघर हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबाधाम आकर सबका मन प्रसन्न हो जाता है। मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमें यहां आकर झारखंड को गति देने का अवसर मिला है। देवघर से 16 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शुभारंभ हुआ है। इन योजनाओं से झारखंड को स्वास्थ्य और पर्यटन को अधिक बल मिलने वाला है। इनसे यहां के लोगों का जीवन आसान होगा, रोजगार के लिए अनेक अवसर बनेंगे।

पीएम मोदी ने आगे देवघर एयपोर्ट की सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे चार साल पहले देवघर एयरपोर्ट की शिलान्यास का अवसर मिला था। कोरोना काल में भी समय रहते इसका काम पूरा हुआ। इससे लोगों को बाबा के दर्शन करने में आसानी होगी। हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा का लाभ ले सकेगें। आज देवघर से कोलकाता के लिए फ्लाइट शुरू की गई है। जल्द ही रांची, पटना और दिल्ली के लिए भी उड़ानें शुरू होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने विकास, सबका साथ सबका विकास के तर्ज पर किया है। झारखंड के मुश्किल वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई जगहों पर बिजली पहुंचाई गई है, जो दुर्गम क्षेत्र थे। वहीं एम्स के संबंध में उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार और झारखंड के बड़े इलाकों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। अंत में उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *