रिपोर्ट – अभिषेक राजवंशी
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड से विदा हो गईं। वे अपने पैतृक आवास ओडिशा के राजरंगपुर के लिए रांची एयरपोर्ट से रवाना हुईं। झारखंड में राज्यपाल के रूप में इनका कार्यकाल सबसे लंबा छह साल से अधिक का रहा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनकी पत्नी कल्पना सोरेन रांची एयरपोर्ट पहुंच कर द्रौपदी मुर्मू को विदाई दी। इस दौरान मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य सचिव सहित लगभग सभी विभाग के अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले झारखंड सरकार ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में रविवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में सादगी और भावपूर्ण माहौल में विदाई समारोह का आयोजन किया था। इस विदाई समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, मिथिलेश कुमार ठाकुर, बादल पत्रलेख, सत्यानंद भोक्ता, बन्ना गुप्ता ने द्रौपदी मुर्मू को पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल के तौर पर द्रौपदी मुर्मू द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यपाल के रुप में द्रौपदी मुर्मू ने गुड गवर्नेंस का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। उन्होंने अपने सम्मुख आए समस्याओं को शांति, सूझबूझ और सरलतापूर्वक समाधान किया। जो सदैव हम सभी के लिए अनुकरणीय रहेगा।
बता दें कि झारखंड में नए राज्यपाल रमेश बैस को नियुक्त किया गया है। रमेश बैस झारखंड के नए राज्यपाल के रूप में 14 जुलाई को शपथ ग्रहण करेंगे।