रांची – झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजधानी वासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके इसके लिए प्रयासरत हैं। आपको बता दें कि कांटा टोली चौक पर वाहनों के बढ़ते दबाव को लेकर पूर्ववर्ती सरकार ने यहां फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया था। लेकिन सरकार चली गई और काम अधूरा रह गया। जिसे हेमंत सरकार ने पूरा करने को ठानी है, वर्तमान सरकार ने इसके निर्माण कार्य को फिर से शुरू करवाया। जिसके निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आज अचानक सीएम कांटा टोली चौक जा पहुंचे। मौके पर सीएम ने कहा कि अभी फाउंडेशन का काम चल रहा है। इसमें कुछ देरी होती है, जब काम कुछ ऊपर बढ़ेगा तो काम में तेजी दिखाई देने लगेगी। मौके पर सीएम संबंधित अधिकारी और फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में लगी कंपनी को आवश्यक दिशा निर्देश देते नजर आए। इस दौरान सीएम के साथ राज्य के मुख्य सचिव सहित अन्य कई अधिकारी भी मौजूद रहे। बताते चलें कि इस फ्लाईओवर का निर्माण हो जाने के बाद कांटाटोली चौक पर ट्रैफिक की समस्या से बहुत हद तक लोगों को निजात मिल जाएगा।