हजारीबाग – हजारीबाग जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन में लगे सुरक्षाबलों और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केरेडारी व बड़कागांव थाना क्षेत्र से सटे जंगलों में 22 बटालियन सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम व तृतीय प्रस्तुति समिति (टीपीसी) के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। जिसमें टीपीसी के द्वारा पुलिस पर 5 राउंड गोली चलाई गई। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई जिसमें एक टीपीसी उग्रवादी सब जोनल कमांडर अर्जुन करमाली के पैर में गोली लग गयी। इसके बाद इसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक 9 एमएम का देसी कट्टा बरामद किया है। फिलहाल पकड़े गए उग्रवादी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 29 जुलाई को पुलिस जीप पर टीपीसी के सब जोनल कमांडर के द्वारा गोली चलाई गई थी। जिसमें एक पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए थे। जिसके बाद 29 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव और केरेडारी के बीच जंगल में टीपीसी उग्रवादी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। जिसके बाद टीम गठित कर कार्रवाई की गयी।
उन्होंने आगे बताया कि 15 लाख के इनामी नक्सली कारू यादव को महाराष्ट्र के मुंबई से 23 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के आधार पर कालू यादव की निशानदेही पर केरेडारी थाना क्षेत्र के वर्क सोमा जंगल में भारी मात्रा में हथियार एवं गोली बरामद हुई है। हथियारों में से कुछ हथियार पुलिस से लूटे हुए हथियार भी है। बताया कि कालू यादव पर विभिन्न जिलों में मामला दर्ज है। जिसमें कारण उसे बिहार, छत्तीसगढ़, प. बंगाल और उड़ीसा की पुलिस रिमांड पर ले सकती है।